ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। केंद्र सरकार जहां स्किल डेवलपमेंट के जरिए देश की बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया करा रही है। वहीं अब केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने ‘ग्रीन स्किल डेवलपमेंट’ योजना के जरिए युवाओं को रोजगार देने की योजना पर काम कर रही है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के निर्देश पर वन भारतीय वन अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरआई) की ओर से देश के सभी नौ केंद्रों में ग्रीन स्किल प्रोग्राम शुरू कर दिया गया है।
वन अनुसंधान संस्थान के एनविस सेंटर के कोआर्डिनेटर डॉ. संतन बड़थ्वाल ने बताया कि ग्रीन स्किल प्रोग्राम के पहले पहले चरण में युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए 18 प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए गए हैं। जिसमें नर्सरी रेसिंग एंड स्मॉल बॉटेनिकल गार्डेंस, बांस से उत्पाद बनाने, हर्बल कलर्स, कार्पेट्री व मेडिसिनल प्लांट की खेती समेत कई प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इसके अलावा प्रशिक्षण युवाओं को नर्सरी मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी, खाद से संबंधित प्रशिक्षण मिलेेगा।
वन अनुसंधान संस्थान की निदेशक डॉक्टर सविता ने बताया कि प्रशिक्षित युवा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के अलावा राज्य सरकारों की ओर से संचालित तमाम योजनाओं का लाभ उठाकर खुद की नर्सरी स्थापित करने के साथ ही कई तरह के रोजगार कर सकेंगे। ‘ग्रीन स्किल प्रोग्राम’ को लेकर देशभर के युवाओं में खासा क्रेज दिखायी दे रहा है। प्रशिक्षण में उत्तराखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, केरल, तमिलनाडु समेत कई राज्यों के युवा शामिल हैं।