अतिक्रमण विरोधी अभियान के चलते आज बदला रहेगा यातायात
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। न्यायालय के आदेश पर चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत प्रेमनगर में बचे अवैध निर्माण हटाने का कार्य रविवार को एक फिर से शुरू होगा। अभियान के मद्देनजर प्रेमनगर बाजार को जीरो-जोन में रखा गया है। इसके तहत प्रेमनगर के अलावा शहर के कई क्षेत्रों के यातायात मार्ग बदले रहेंगे।
यातायात रूट चार्ट के मुताबिक प्रेमनगर, नंदा की चौकी, सुद्दोवाला से जाने वाले वाहन रांगड़वाला से मिट्ठीबेहड़ी चौक से ठाकुरपुर होते हुए बालाजी मंदिर की ओर से जा सकेंगे। प्रेमनगर, सेलाकुई, विकासनगर जाने वाले वाहन शिमला बाईपास रोड से सेंट ज्यूड्स चौक से नया गांव होते हुए धूलकोट की ओर जा सकेंगे। इसी तरह पांवटा साहिब, डाकपत्थर एवं विकासनगर से देहरादून आने वाले समस्त वाहनों को हरबर्टपुर से धर्मावाला होते हुए नयागांव से शिमलाबाई पास की तरफ डायवर्ट किया जाएगा ।
सेलाकुई राजावाला से देहरादून की ओर आने वाले वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंगड़ीवाला से होते हुए शिमला बाईपास रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। सुद्दोवाला से प्रेमनगर की ओर आने वाले समस्त वाहनों को बालाजी मंदिर की ओर शिमला बाईपास रोड पर डायवर्ट कर दिया जाएगा। विधोली से प्रेमनगर की ओर आने वाले वाहन नंदा की चौकी से बालाजी मंदिर होकर शिमला बाईपास रोड से देहरादून शहर की ओर आ सकेंगे। वहीं टी-स्टेट चौक और बल्लूपुर चौक से कोई भी वाहन प्रेमनगर की ओर नहीं आ सकेंगे। इधर के यातायात को जीएमएस रोड होते हुए शिमला बाईपास रोड की ओर भेजा जाएगा। बल्लीवाला चौक से वसंत विहार होते हुए प्रेमनगर की ओर आने वाले समस्त वाहनों को कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा।