ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
स्वच्छता पखवाड़े के तहत रविवार को दून रेलवे स्टेशन पर ‘संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत ठेका कर्मियों को जानकारी दी गई कि कोई स्टेशन पर गंदगी फैलाते पकड़ा जाता है तो उसकी काउंसिलिंग कैसे करनी है। इस दौरान उन्हें कानूनी कार्रवाई के बारे में भी बताया गया।
स्वास्थ्य अधिकारी प्रीतम सिंह ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के दूसरे दिन सभी सफाईकर्मियों को इकट्ठा कर उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यदि कोई गंदगी करते पाया जाए तो पहले उसे समझाएं कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे हम सबको मिलकर निभाना है। इस पर भी वह नहीं मानता है तो उसे पकड़कर स्वास्थ्य अधिकारी या मौजूद किसी अफसर के पास ले जाएं। इसके बाद गंदगी फैलाते हुए पकड़े गए व्यक्ति को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। दोबारा पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया जा सकेगा। पखवाड़े के दूसरे दिन अनाउंसमेंट में भी ज्यादातर समय स्वच्छता जागरूकता के बारे में अपील की गई।