...तो लंदन की कंपनियां मुहैया कराएंगी स्वास्थ्य सेवाएं
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इंवेर्स्ट्स मीट में नए रास्ते खुल सकते हैं। इसके लिए सरकार व स्वास्थ्य विभाग की ओर से लंदन की कंपनियों से करार का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत लंदन में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करानी वाली कंपनियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की पहले दौर की वार्ता भी हो चुकी है।
बता दें, अक्टूबर में प्रस्तावित ‘इंवेस्टर्स मीट’ में शामिल होने के लिए लंदन की कई स्वास्थ्य सेवा प्रदाता कंपनियों को उत्तराखंड में पूंजी निवेश करने के उद्देश्य से आमंत्रित किया गया है। स्वास्थ्य सचिव स्वास्थ्य नितेश झा ने बताया कि यूरोप के देशों में कई ऐसी निजी सेवा प्रदाता कंपनियां हैं जो उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देती हैं। अगर ये विदेशी कंपनियां उत्तराखंड में पूंजी निवेश करती हैं तो राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। राज्य में पूंजी निवेश के बाबत सरकार व शासन के स्तर पर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया गया है जिसे इंवेस्टर्स मीट के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा।
देवभूमि में खुलेंगे सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल
--पहले चरण में मेदांता, एस्कार्ट व अपोलो जैसे अस्पतालों को लाने की तैयारी
-- राज्य में अस्पताल खोलने के लिए कंपनियों को मुहैया कराई जाएगी जमीन
--दिल्ली में प्रस्तावित इस्वेस्टर्स मीट शो में शामिल होने के लिए किया गया आमंत्रित
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर मरीजों को दिल्ली, मुंबई व चंडीगढ़ के सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल जैसी स्वास्थ्य सेवाएं राज्य में
उपलब्ध कराने के कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने अफसरों ने गुड़गांव स्थित मेदांता के अलावा एस्कॉर्ट व अपोलो जैसे बड़े अस्पतालों की मदद से राज्य में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल खोलने के लिए वार्ता शुरू कर दी है।
अपर सचिव स्वास्थ्य एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के राज्य परियोजना निदेशक युगल किशोर पंत ने बताया कि अभी राज्य के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए नई दिल्ली, चंडीगढ़ व मुंबई जैसे शहरों के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में जाना पड़ता है। ऐसे में कई गंभीर मरीज इलाज के अभाव में दम तोड़ देते हैं। इस समस्या को देखते हुए मेदांता, एस्कार्ट व अपोलो जैसे अस्पतालों की सेवाएं राज्य में लाने की तैयारी है। इसी क्रम में मेदांता अस्पताल के अफसरों से पहले चरण की वार्ता हो चुकी है। उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना के बाबत वहीं मेदांता जैसे अस्पतालों के अफसरों ने दिलचस्पी दिखाई है। जल्द ही अस्पताल के आला अफसरों के साथ बैठक कर तमाम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।