ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में चलाए जा रहे रक्तदान महाअभियान का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन दो स्थानों पर आयोजित अलग-अलग शिविरों में 216 महादानियों ने रक्तदान किया। अभियान के दौरान कई सहयोगी संस्थाओं और संगठनों ने हजारों लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए शपथ-पत्र भरवाए।
रविवार को प्रेमनगर स्थित आईएफसीसी में अमूल्य जीवन चैरिटेबल विकास सोसायटी और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ संस्था के संस्थापक रविंद्र शाह ने किया। उन्होंने सभी लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को हर तीन माह के अंतराल में नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। शिविर में शिक्षकों के साथ ही छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने भी रक्तदान किया। कुल 189 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ब्लड बैंक के डॉ. प्रतीक ने सुरक्षित रक्तदान के संबंध में जानकारी दी। आयोजन में ऋषि, सुलेमान अली, अमन, शरद, हिमांशु, राजेंद्र, नवीन कुमार, कौशल रावत, प्रियंका, डॉली, वैशाली, रेनू, प्रियंका, बबीता, ब्लड बैंक के अमित चंद्रा, सुमित, गणेश चंद्र समेत अन्य ने सहयोग किया।
--
दिलाराम बाजार में 27 ने किया रक्तदान
गुरुद्वारा साहिब दिलाराम बाजार में गुरु अर्जन देव के शहीदी पर्व पर आयोजित शिविर में 27 यूनिट रक्तदान हुआ। आईएमए ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्र करने के साथ ही लोगों को सुरक्षित रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया। आयोजन में गुरुद्वारे के प्रधान अमरजीत सिंह सचदेव, गिरीश आहूजा, नरेंद्र पाल सिंह, अमरीक सिंह, सुरेंद्र सिंह समेत अन्य ने सहयोग दिया।
--
कई लोगों ने भरे शपथ पत्र
रविवार को जन जागरण अभियान समिति ने ब्रह्मपुरी बस्ती, लाल पुल, पटेलनगर आदि क्षेत्रों में जागरुकता अभियान चलाकर लोगों से शपथ-पत्र भरवाए। संस्थापक स्वप्निल शर्मा ने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया। इसमें मोहिनी भट्ट, वर्णिका पेटवाल, अपूर्वा वत्स, तृप्ति नेगी, शिखा शर्मा और अभिसार अग्रवाल ने सहयोग दिया।