ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजपुर रोड स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में मंगलवार से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य कार्य शुरू हो जाएंगे। नगर आयुक्त के निर्देश पर जोनल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस क्षेत्र के लोगों को निगम संबंधी अन्य कार्यों के लिए नगर निगम मुख्य कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे के अनुसार फिलवक्त नगर निगम मुख्य कार्यालय में ही जन्म-मृत्यु समेत अन्य प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा है। ऐसे में शहर के लोगों को काफी असुविधा होती है। इसे देखते हुए नगर निगम को चार जोन में बांटने की योजना है। इसके तहत नगर निगम मुख्यालय के अलावा राजपुर रोड स्थित जोनल कार्यालय, चकशाह नगर व एक अन्य को जोन बनाया जाएगा। एक जोन में 15 वार्ड शामिल किए जाएंगे। बता दें बीते दिनों नगर आयुक्त ने राजपुर रोड स्थित जोनल कार्यालय का निरीक्षण किया था। इसके बाद नगर आयुक्त ने जोनल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त को बैठने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के अनुपालन में सहायक नगर आयुक्त रविंद्र दयाल और बी. दास मंगलवार से बारी-बारी से राजपुर रोड स्थित जोनल कार्यालय में बैठेंगे।