235 लोगों ने मुफ्त कराई स्वास्थ्य की जांच
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
अमूल्य जीवन विकास चैरिटेबल सोसायटी और अमर उजाला की ओर से आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श व दवा वितरण शिविर का 235 लोगों ने लाभ उठाया। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें उपयोगी परामर्श और आवश्यक दवाएं दीं। लोगों की ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और दांतों की जांच भी मुफ्त की गई।
बृहस्पतिवार को चौकी धौलास स्थित स्कॉलर बीम सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शिविर का शुभारंभ एमडी नरेश डोभाल और प्रधानाचार्य सचिता डोभाल ने किया। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के फिजिशियन डॉ. शैंकी कॉल, सर्जन डॉ. नेहा जिंदल, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. नीति कुमारी, नाक कान गला विशेषज्ञ डॉ. माधुरी और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. दिशा बंसल ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। उन्होंने लोगों को मुफ्त परामर्श देने के साथ ही दवाएं भी वितरित की। साथ ही उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी। धौलास के साथ ही शिवपुरी, हरियावाला, आमवाला, हरनौल, गुजरार, बादशाही बाग, बिरौड़ी समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने भी शिविर का लाभ उठाया।
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मिलकर वह प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में नियमित तौर पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर रहे हैं, जिसका हजारों लोगों को फायदा मिल रहा है। आयोजन में सोनाली, पुष्पा गौतम, पूजा बिष्ट, रवीना थापली, रविता नेगी, रवीना राणा, मृणालिनी नेगी, पारुल चौहान, कंचन बिष्ट, दुर्गेश तोमर, कुलदीप तोमर, संजय राणा समेत अन्य स्थानीय लोगों ने सहयोग दिया।