ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कैंट बोर्ड ने बृहस्पतिवार को पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाकर 30 किलो पॉलीथिन जब्त कर साथ ही 8400 जुर्माना वसूला। इसके अलावा कैंट बोर्ड के सीईओ जाकिर हुसैन ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
पॉलीथिन के खिलाफ अभियान के तहत कैंट बोर्ड के सीईओ जाकिर हुसैन के निर्देश पर गठित जेब्रा टीम बृहस्पतिवार को प्रेमनगर और गढ़ी कैंट क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान टीम ने बारातघरों, राशन की दुकानों, सब्जी मंडी आदि से करीब 30 किलो पॉलीथिन जब्त की। इसके अलावा 8400 रुपये जुर्माना वसूला गया। सीईओ हुसैन ने बताया कि पॉलीथिन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में राजस्व टीम से तहसीलदार मनवर सिंह कंडारी, कैंट बोर्ड के स्वच्छता अधीक्षक नरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, विजय कोहली, सुशील कुमार, शैलेंद्र सकलानी, विनय भाटिया आदि शामिल थे।