ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डीएवी पीजी कॉलेज में नए सत्र से पहले ही शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी। नियुक्तियों में आने वाली सभी अड़चनें जल्द दूर की जाएंगी। यह बात कॉलेज में न्यायिक सेवा में चयनित छात्रों के सम्मान समारोह में पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कही।
डीएवी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में विधि विभाग द्वारा शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह की शुरुआत मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, ले. जनरल ओपी कौशिक (रिट.), डॉ. बीबी रायजादा और प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने दीप जलाकर की। इस अवसर पर छात्र-छात्राआें ने वंदेमातरम् और सरस्वती वंदना पेश की। मंत्री डॉ. धन सिंह ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा में चयनित विभाग के मनोज सिंह राणा, चेरब बत्रा, पूनम टोड़ी और तनुजा कश्यप को बधाई देते हुए स्मृति चिह्न दिया। इसके अलावा कॉलेज में लंबे समय से खाली पदों पर नया सत्र शुरू होने से पहले नियुक्तियां करवाने का आश्वासन दिया। इसकी घोषणा सात अप्रैल को होने वाले छात्रसंघ समारोह के अंतिम दिन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे। ले. जनरल ओपी कौशिक (रिट.) ने कहा कि समाज को न्याय के प्रति आश्वस्त करने में न्यायाधीशों की जिम्मेदारी अहम है। इस अवसर पर डॉ. पारुल दीक्षित, डॉ. राजेश दुबे, डॉ. पीसी नेगी, डॉ. यूएस रावत, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, डॉ. अनूप मिश्रा, डॉ. डीके गुप्ता, डॉ. ओनिया शर्मा, डॉ. आदित्य सेमवाल, डॉ. आरके जैन, डॉ. राजेश पाल व छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।