ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 17 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी उत्तरकाशी व 18 मार्च को नगर पालिका परिषद बड़कोट में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजन किया जाएगा। शिविर में मरीजों की ईजीजी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की नि:शुल्क जांच की जाएगी।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि शिविर में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून के मेडिसिन विभाग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, शिशु रोग विभाग, सर्जरी विभाग, हड्डी रोग विभाग, नाक-कान-गला रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग, दंत रोग विभाग एवं त्वचा रोग विभाग के विशेषज्ञ रोगियों को चिकित्सकीय परामर्श देंगे। रोगी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण करवा सकते हैं। उत्तरकाशी व बड़कोट में पंजीकृत मरीजों को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में इलाज कराने पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह छूट मरीजों को जनरल वार्ड में भर्ती होने पर ही मिलेगी। रतूड़ी ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन का यह ध्येय है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षत्रों के मरीजों को उच्च कोटि का इलाज रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जा सके। इसी के तहत श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं अमर उजाला फ ाउंडेशन के सहयोग से समय-समय पर पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।