ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
भंडारणकर्ता खनन सामग्री के भंडारण में नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने सोमवार को डुमेट गांव के निकट एक ऐसे ही भंडारण का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने यहां धर्मकांटा और सीसी टीवी कैमरे न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने भंडारण की स्वीकृति निरस्त करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है।
जिला प्रशासन ने पछवादून क्षेत्र में कई लॉट और भंडारण केंद्रों को स्वीकृति प्रदान की है। इनके संचालन के लिए कड़े मानक तय हैं, लेकिन भंडारणकर्ता नियमों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि भंडारण में नियमों की भारी अनदेखी की गई है। निरीक्षण में कई अनियमितताएं मिली हैं। खनन सामग्री के तौल के लिए केंद्र पर धर्मकांटा नहीं लगाया गया है। खनन कार्य की निगरानी के लिए सीसी टीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि खनन से लदे प्रत्येक वाहन का केंद्र पर ही वजन किया जाना चाहिए, ताकि निर्धारित रवन्ने से अधिक खनन सामग्री का परिवहन न किया जा सके। एसडीएम ने सोमवार को बाड़वाला और डुमेट स्थित खनन लॉट का निरीक्षण किया और लॉट पर तैनात कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अनियमितता वाले भंडारण की अनुमति निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।