ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
नगर निगम के अप्रैल में प्रस्तावित चुनाव को लेकर बड़ों के साथ ही छोटे दल भी तैयारी में जुट गए हैं। हर दल उम्मीदवारों को लेकर गणित बैठाने में लग गए हैं। उनकी नजर ऐसे प्रत्याशियों पर है जो उन्हें जीत दिला सके। इस बार सपा, बसपा, उक्रांद, रालोद जैसी पार्टियां युवाओं पर फोकस कर रही हैं। उनकी पहली प्राथमिकता ऐसे जुझारू युवा हैं, जो समस्याओं को न केवल उठाए बल्कि उसका समाधान भी कराए।
..................
बड़े दलों के पास नहीं विकल्प की कमी
भाजपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों के पास विकल्पों की कोई कमी नहीं है। एक ओर जहां दोनों दलों के वर्तमान पार्षद हैं, वहीं दूसरी ओर कई सक्षम प्रत्याशी भी टिकट पाने की जुगत भिड़ा रहे हैं। ऐसे में छोटे दलों के सामने काफी चुनौतियां रहेंगी।
............................
पार्टी चुनाव में युवा प्रत्याशियों को उतारेगी। हम ऐसे उम्मीदवार खोज रहे हैं जो मेहनती और जुझारू हों। जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।
- कुंवर जपेंदर, प्रदेश अध्यक्ष रालोद
.....................
पार्टी के प्राथमिकता युवा है। प्रत्याशियों को लेकर कार्य शुरू कर दिया गया है। बाकी प्रत्याशी परिसीमन की रिपोर्ट आने के बाद अपने पत्ते खोलेगी।
- सत्यपाल, जिलाध्यक्ष बसपा
......................
भाजपा और कांग्रेस को टक्कर देने के लिए छोटे दलों को एक होना होगा। इसे लेकर वार्ता चल रही है। इसके बाद सहमति से प्रत्याशियों को मैदान में उतारा जाएगा।
- दीप सिंह रावत प्रदेश अध्यक्ष सपा
.........................
भाजपा-कांग्रेस की तरह हमारी पार्टी भी युवाओं को मौका देगी। इसमें वरिष्ठ नेताओं का भी सुझाव लिया जाएगा। पार्टी किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी।
- संजय छेत्री, महानगर अध्यक्ष उक्रांद