मसूरी में संदिग्ध हालात में होटल कर्मी की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी।
कुलड़ी स्थित एक होटल में एक कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
कुलड़ी कैमल्स बैकरोड स्थित होटल रॉक्सी में काम करने वाले कर्मचारी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। होटल स्वामी सलीम अहमद ने बताया कि 25 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम गैर पट्टी गुसाईं, थौलधार ब्लाक टिहरी गढ़वाल का रहने वाला था। बीती 25 नवंबर से वो उनके होटल में काम कर रहा था। गत 14 दिसंबर को उसने पेट में दर्द की शिकायत की। इसके बाद वह खुद ही दवा लाया और खाकर सो गया। उसके साथ कमरे में उसी के गांव का कुलदीप भी सो रखा था। सुबह जब राजेंद्र सिंह को उठाया तो वह नहीं उठा। कुलदीप ने उन्हें सूचित किया तो तत्काल राजेंद्र को राजकीय सेंटमेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉ.विरेंद्र सिहं पांगती ने बताया कि जब उसे लाया गया तो उसकी जांच की गई जिसमें पाया उसके मुंह से झाग जैसा कुछ निकल रहा था और सांसे नहीं चल रही थीं। इस पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। एसआई नीरज कठैत ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के गांव के विकास ने बताया कि मृतक के पिता 88 साल के हैं और माता 78 साल की। वहीं बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। जबकि पत्नी भी साथ नहीं रहती थी, जिस कारण राजेंद्र अक्सर तनाव में भी रहता था।