नरेंद्रनगर। टिहरी के युवाओं को अब प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए न देहरादून की दौड़ लगानी पड़ेगी और न मोटी धनराशि खर्च होगी। नरेंद्रनगर थाना पुलिस ने अनोखी पहल करते हुए युवाओं के लिए निशुल्क कोचिंग की शुरुआत की है। यहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ ही स्वरोजगार शुरू करने के लिए भी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। नरेंद्रनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक राम किशोर सकलानी की पहल पर शुरू हुए इस शिविर को ‘येश वी कैन’ नाम दिया गया है।
मंगलवार को नगर पालिका के बारातघर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विमला गुंज्याल ने प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया। एसएसपी गुंज्याल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से युवाओं में क्षमता विकास होगा। उन्हें रोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिलेगी। डेढ़ माह तक चलने वाले प्रशिक्षण कार्यशाला में युवाओं को विशेषज्ञ कोचिंग देंगे। प्रभारी निरीक्षक राम किशोर सकलानी ने बताया कि शिविर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ युवाओं को पुलिस और सेना भर्ती का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिविर के लिए अभी तक 85 युवाओं ने नामांकन कराया है, जिनमें करीब 12 छात्राएं भी शामिल हैं। बताया कि यह कोर्स 3 से 4 महीने तक चलेगा। कोर्स के दौरान और बाद में भी हर महीने प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद युवा वाट्सएप ग्रुप के जरिए विशेषज्ञों से जुड़े रहेेंगे। इस ग्रुप के जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में विशेषज्ञों का मार्गदशन मिलता रहेगा। शिविर में कई प्रशासनिक अधिकारी भी युवाओं को टिप्स देंगे। साथ ही कई विशेषज्ञ अतिथि शिक्षक के रूप में युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
प्रभारी निरीक्षक राम किशोर सकलानी ने बताया कि प्रदेश में पुलिस ने पहली बार इस तरह के शिविर का आयोजन किया है। इसका मकसद पहाड़ के युवाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराना है।