गोपेश्वर। देवाल की ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी ने विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर सीएम और डीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि हर बीडीसी बैठक में शिक्षकों की मांग की जाती है, लेकिन विद्यालयों में शिक्षक नहीं आ रहे हैं।
देवाल ब्लाक प्रमुख उर्मिला देवी ने कहा कि देवाल ब्लॉक में प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट के विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। छात्र-छात्राएं महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षक न होने से पढ़ाई से वंचित रह रहे हैं। देवाल में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्रवक्ता के कुल स्वीकृत पद 61 हैं, जिसमें से 43 पद रिक्त चल रहे हैं। एलटी में भी 108 के सापेक्ष 59 शिक्षकों की तैनाती है। एलटी में रिक्त 59 में से 11 पद गणित के शिक्षकों के खाली हैं। वहीं प्राथमिक स्तर पर शिक्षकों के स्वीकृत 172 में से 32 पद रिक्त हैं। प्राथमिक विद्यालय खेता को पिछले साल राज्य सरकार ने मॉडल स्कूल घोषित किया। यहां छात्र-छात्राओं को शिक्षक, पानी, शौचालय और कंप्यूटर शिक्षा दी जानी थी, लेकिन यहां मात्र एक शिक्षक है और कंप्यूटर शिक्षकों के अभाव में धूल फांक रहे हैं। इधर, सीईओ ललित मोहन चमोला का कहना है कि जुलाई माह में निदेशालय से शिक्षक मिलने की उम्मीद हैं। गेस्ट शिक्षकों का मामला भी तब तक सुलझ जाएगा।