श्रीनगर। गढ़वाल विवि की प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा पर छात्रों ने सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा के लिए विवि प्रशासन ने प्रश्नपत्र का एक ही सैट तैयार किया था। छात्रों ने पेपर लीक होने का भी आरोप लगाया। वहीं विवि प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान कोई भी अनियमितताएं नहीं बरती गई हैं।
25 जून को हुुई गढ़वाल विवि की प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा पर विवाद खड़ा हो गया है। छात्रों ने बिड़ला परिसर व दिल्ली के परीक्षा केंद्रों पर नकल होने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि परीक्षा कक्ष में कोई चेकिंग नहीं की गई। प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र व्हाट्सएप से लीक कर दिया गया था। बिड़ला परिसर छात्र संघ छात्रा प्रतिनिधि शिवानी पांडे, अतुल सती, विमल जोशी ने कुलपति को ज्ञापन भेज इन सब आरोपों की जांच करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि जांच के बाद ही परीक्षा परिणाम घोषित किया जाए। वहीं प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा संयोजक प्रो. एचसी नैनवाल ने बताया कि परीक्षा का आयोजन मानकों के तहत किया गया है। फिर भी छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।