गोपेश्वर। जिला अस्पताल में बिना रिलीवर के यहां से दो डॉक्टरों को कार्यमुक्त करने पर लोगों ने डीएम कार्यालय और जिला अस्पताल में सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र चिकित्सकों की तैनाती न होने पर पांच जुलाई से क्रमबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।
अस्पताल में डॉक्टर न होने से गुस्साए लोग सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में एकत्रित हुए और प्रदर्शन। यहां से वह जुलूस की शक्ल में डीएम कार्यालय पहुंचे और सरकार, स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि जिला अस्पताल से शासन के आदेशों के बाद जिला मुख्य चिकित्साधिकारी ने दो चिकित्सकों को कार्य मुक्त कर दिया है। इससे जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतर गई हैं। जिला अस्पताल के लिए भेजे गए चार डॉक्टरों में से अभी तक एक भी डॉक्टर ने यहां ज्वाइनिंग नहीं दी है। इस पर डीएम ने आगामी 30 जून तक अस्पताल में चार चिकित्सकों की तैनाती का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। इस मौके पर नगर पालिका सभासद ऊषा फरस्वाण, समग्र विकास समिति के अध्यक्ष सतेंद्र नेगी, हल्दापानी व्यापार संघ अध्यक्ष सुनील बिष्ट, संदीप झिंक्वाण, सुनील भट्ट, अरविंद नेगी, कलावती पाठक, लीलावती, आशा नेगी, मंदोदरी देवी, ओम प्रकाश नेगी, कुलदीप बर्तवाल और युद्धवीर बर्तवाल आदि मौजूद थे।
चमोली जिला अस्पताल को मिलेंगे दो सर्जन
गोपेश्वर। शासन ने चमोली जिले के सरकारी अस्पतालों के लिए दो सर्जन सहित 12 चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने बताया कि सभी चिकित्सकों को सीएम ने 30 जून तक अस्पतालों में ज्वाइनिंग देने के निर्देेश दिए हैं। जिला चिकित्सालय में सर्जन डा. नरेश जौहरी व डा. नरेंद्र चौहान, फिजिशियन डा. महावीर सिंह और स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. शशिवाला की तैनाती की गई है। आर्थोपेडिक डा. बलवंत सिंह भंडारी को सीएचसी कर्णप्रयाग में तैनाती दी गई है। डा. विराज शाह को सीएचसी जोशीमठ का चिकित्सा अधीक्षक बनाया गया है। साथ ही जोशीमठ, गैरसैंण और चमोली के सरकारी अस्पतालों में फार्मेसिस्ट की तैनाती भी कर दी गई है।