ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
श्रीदेव सुमन नगर में रहने वाले पूर्व सभासद रतनमणि नौटियाल तीन साल से सड़क की सफाई के लिए नगर निगम अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। नौटियाल पूर्व मेयर विनोद चमोली के अलावा कई मौजूदा अधिकारियों से भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बीते दिनों नौटियाल ने मेयर सुनील उनियाल गामा से भी गुहार लगाई थी, उन्होंने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश भी दिए, लेकिन अभी तक हालात जस के तस हैं।
पूर्व सभासद 60 वर्षीय रतनमणि नौटियाल के अनुसार बीते तीन साल से क्षेत्र की एक सड़क की सफाई नहीं हुई है। इससे गंदगी के कारण संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है। पड़ोस में रहने वाला एक दबंग सफाई नहीं करने देता है। इसके चलते सफाईकर्मी भी नहीं आते हैं। सड़क की सफाई के बाबत बीते तीन वर्षों में कई बार पूर्व मेयर विनोद चमोली से मुलाकात की, उन्होंने आश्वासन भी दिया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। नगर निगम के अधिकारियों से भी शिकायत करने का कोई फायदा नहीं हुआ। बीते दिनों मेयर सुनील उनियाल गामा को भी ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद गामा ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सड़क की सफाई कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक महीने बाद भी सफाई नहीं कराई जा सकी है। इसके चलते सड़क पर घास उग आई है और गंदगी की वजह से संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है।
---
मामला संज्ञान में है। कर्मचारियों को सफाई के लिए कहा गया है। अगर वहां सफाई नहीं हुई है तो जल्द ही सफाई कराई जाएगी।
-डॉ. कैलाश जोशी, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी