ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) में एक ही अनुभाग में कई वर्षों से तैनात कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती है। जीएमवीएन एमडी ज्योति यादव ने साफ कर दिया है कि निगम को घाटे में पहुंचाने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। दूसरी ओर खनन कारोबार में मनमानी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एमडी ज्योति यादव का कहना है कि गढ़वाल मंडल विकास निगम बीते कई वर्षों से घाटे में है। इसकी वजह से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में जो कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी सही से नहीं निभा रहे हैं। साथ ही मनमानी कर निगम को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खनन विभाग में राजस्व समेत अन्य कार्यों की समीक्षा की जा रही है। ऐसे में जिस कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्योति यादव कार्यभार संभालने के बाद से पांच से अधिक कर्मचारियों को निलंबित कर चुकी हैं। बीते दिनों महाप्रबंधक रैंक के एक अधिकारी को बर्खास्त किया गया था।