संविदा कर्मचारियों ने की नियमितीकरण की मांग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। ऊर्जा निगमों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने जल्द उनके नियमितीकरण की मांग की है। नियमितीकरण करने तक समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। इस संबंध में मंगलवार को उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ की ओर से बैठक का आयोजन किया गया।
ईसी रोड स्थित संघ के कार्यालय में संघ के अध्यक्ष एमएन नौटियाल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभागों में पिछले 14-15 सालों से संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन सेवा के अनुरूप उन्हें वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए और नियमितीकरण होने तक कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। उन्होंने कहा कि संघ कर्मचारियों की नियमितीकरण को लेकर लंबे समय से मांग कर रहा है लेकिन सरकार की ओर से संघ की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है।
बैठक में प्रदीप कंसल, रमेश करंजकर, अनिल उनियाल, एसपी भट्ट, चौधरी असरार अहमद, राजीव शर्मा, दिनेश कुमार, अनिल जुयाल, हरीश चौहान, प्रदीप कश्यप, कुलदीप शर्मा, विकास गुप्ता, निर्भय कुमार, अकरम आदि मौजूद रहे।