ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। चार दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग में उत्तराखंड ने 49 गोल्ड झटक कर प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि महाराष्ट्र ने 44 गोल्ड हासिल कर दूसरे और हरियाणा 39 गोल्ड जीत कर तीसरे स्थान पर रही। चैंपियनशिप के अंतिम दिन उत्तराखंड के बॉक्सरों ने छह गोल्ड अपने नाम किए। अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड किक बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में चल रही चार दिवसीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई। पहले किक लाइट बालक 52 किलो भार वर्ग में सौरभ गौतम ने गोल्ड मेडल जीता। जबकि फुल कांटेक्ट 51 किलो भार वर्ग में धीरज, 57 किलो भार वर्ग में नीरज थापा, 60 किलो भार वर्ग में शिवम थापा और 81 किलो भार वर्ग में अर्जुन ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा लो किक बालिका वर्ग के 56 किलो भार वर्ग में मुनेश ने उत्तराखंड के लिए गोल्ड मेडल जीता। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे नेशनल किक बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष डोनी रानी और महासचिव संजीव कुमार जांगड़ा ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर अजय कुमार अग्रवाल, नीरज गुप्ता, राजेश ममगईं आदि मौजूद रहे।