स्कूल-कॉलेजों में होगा निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। स्कूल-कॉलेजों में मतदान के प्रति जागरुकता के उद्देश्य से निर्वाचन साक्षरता क्लब गठित करने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय की ओर से दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अनुमानित और वास्तविक मतदान सूची में आए अंतर को कम करने का सुझाव दिया गया।
मंगलवार को उद्योग निदेशालय सभागार में दो दिवसीय निर्वाचन साक्षरता क्लब विषय पर आधारित कार्यशाला के पहले दिन प्रत्येक जिले से आए चार अधिकारियों को कार्यशाला का उद्देश्य बताया गया। मुख्य कार्य अधिकारी (सीईओ) सौजन्या ने कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए बताया कि भावी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गढ़वाल को ग्रुप ए और कुमाऊं को ग्रुप बी में बांटा गया है। कार्यशाला के पहले दिन ग्रुप ए में शामिल जिलों के 28 अधिकारियों ने भाग लिया। उन्हें अनुमानित और वास्तविक मतदाताओं में आए अंतर को कम करने के लिए सुझाव दिए गए। कक्षा नौ से 11 के भावी मतदाता एवं कॉलेज नए मतदाताओं के लिए निर्वाचन साक्षरता क्लब और गांवों में चुनाव पाठशाला का गठन कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए।
कार्यशाला में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर अभिषेक रोहिला, प्रमोद उपाध्याय, संतोष पांडेय, देव मूर्ति यादव और प्रदीप कुमार ने आए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला में आयोजित नाटक, खेल, मतदान के पड़ाव और मतदान विषय पर आधारित लघु फिल्म मस्ती दोस्ती में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी षणमुगम, स्टेट नोडल ऑफिसर कौशल्या बंधु, सहा मुख्य निर्वाचक अधिकारी मस्तू दास, विशेष कार्याधिकारी वंदना धलेड़ी आदि मौजूद रहे।