ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
लंबे इंतजार के बाद परिवहन निगम के तीन अफसरों का पदोन्नति आदेश मंगलवार को जारी कर दिया गया। प्रबंध निदेशक बीके संत की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सहायक महाप्रबंधक (विधि) प्रदीप कुमार सती को उप महाप्रबंधक (विधि) के पद पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा सहायक महाप्रबंधक (वित्त) भूपेंद्र को उप महाप्रबंधक और रानीखेत के सहायक महाप्रबंधक नेतराम को उप महाप्रबंधक वित्त की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा 13 वरिष्ठ लिपिकों की यातायात निरीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है।
प्रबंध निदेशक संत ने बताया कि पदोन्नति के बाद भवाली डिपो में तैनात वरिष्ठ लिपिक पूरनचंद को अल्मोड़ा डिपो, टनकपुर डिपो में तैनात सुरेंद्र लाल को रुद्रपुर, रुद्रपुर में तैनात सूरज सिंह को काशीपुर और ब्रह्मानंद को काठगोदाम डिपो भेजा गया है। मंडलीय कार्यालय काठगोदाम में तैनात हरिप्रसाद, भोलाराम, आनंद कुमार को क्रमश: भवाली, रानीखेत और रुड़की डिपो स्थानांतरित किया गया है। रुद्रपुर डिपो में तैनात ललित कुमार को हरिद्वार डिपो, काठगोदाम डिपो में तैनात काशीराम को ऋषिकेश, मंडलीय कार्यालय काठगोदाम में तैनात शंकरलाल को कोटद्वार डिपो, नवीन चंद शर्मा को मंडलीय प्रबंधक देहरादून, हल्द्वानी डिपो में तैनात भुवन चंद्र को ग्रामीण डिपो, देहरादून अल्मोड़ा डिपो में तैनात मोहनराम को पर्वतीय डिपो देहरादून स्थानांतरित किया गया है।
14 अफसर अभी प्रतीक्षारत
परिवहन निगम के 14 अफसर अभी डीपीसी व पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन अफसरों की पदोन्नति को लेकर बीते तीन साल के भीतर एक दर्जन से अधिक बार डीपीसी बैठक बुलाई गई, लेकिन इनकी पदोन्नति पर कोई आम सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों के अनुसार ऐसे में कई अफसर अदालत का दरवाजा खटखटाने की योजना बना रहे हैं।