ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
हनुमान जयंती से पूर्व त्रयोदशी तिथि पर शिव सती विवाह के उपलक्ष्य में श्री सिद्ध हनुमान मंदिर श्री बाला जी धाम झाझरा की ओर से शिव बारात निकाली गई। नंदा की चौकी से शुरू हुई बारात मंदिर पर आकर संपन्न हुई। बारात में देवी देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। बारात में धार्मिक भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे।
शिव बारात का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने गणेश पूजन व ध्वज दिखा कर किया। इससे पूर्व मंदिर समिति के अध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर और सचिव अजय गोयल ने विधायक एवं मंदिर के संरक्षक बाबा हठ योगी का तिलक और अंग वस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। बारात में शिव के साथ भूत प्रेत की टोली ने श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध कर दिया। बारात का कई जगहों पर भव्य स्वागत किया गया।
सचिव अजय गोयल ने बताया कि शुक्रवार को भजन संगीत उत्सव आयोजित किया जाएगा। जिसमें मशहूर गायक करण, समीर और दीप धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान भव्य झांकियां सजाई जाएंगी। शनिवार सुबह चार बजे बालाजी महाराज का अभिषेक कर चोला चढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर राहुल पुंडीर, प्रदीप गर्ग, ब्रजमोहन रस्तोगी, अंशुल कठैत, रणधीर वर्मा, कन्हैया, कमलेश मिहास, मधुवाला पुंडीर, प्रकाशी ध्यानी, सुनीता, नरेश कुकरेती आदि लोग मौजूद रहे।