ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
हाल ही में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की न्यायिक सेवा परीक्षा (पीसीएस-जे) पास कर जज बनने वाली करिश्मा डंगवाल का सोमवार को उत्तरांचल विश्वविद्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर विवि के चांसलर जितेंद्र जोशी ने खुद करिश्मा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह विवि और लॉ कॉलेज के लिए बेहद गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि अब तक विवि के 24 छात्र और शिक्षक विभिन्न राज्यों की न्यायिक सेवा परीक्षाएं पास कर जज बन चुके हैं।
लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश बहुगुणा ने बताया कि करिश्मा ने वर्ष 2015 में बीएएलएलबी प्रथम श्रेणी में पास किया था। करिश्मा परिश्रमी और नियमित छात्रा रही। विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने करिश्मा को बधाई दी और अन्य छात्रों को प्रेरणा लेने की बात कही। इस मौके पर जज करिश्मा डंगवाल ने कहा कि वह जिस दिन लॉ कॉलेज से पास आउट हुई थी उसी दिन तय किया था कि वह किसी बड़ी उपलब्धि के साथ ही कॉलेज लौटेगी। करिश्मा ने छात्रों से कहा कि लॉ कॉलेज देहरादून में विधि की बुनियादी शिक्षा व अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि यहां के छात्र व अध्यापक इतनी बड़ी तादाद में जज बन चुके हैं। इस अवसर पर लॉ विभागाध्यक्ष डॉ. पूनम रावत, कुमर आशुतोष, डॉ. अनिल दीक्षित, राजीव रंजन, डॉ. विजय श्रीवास्तव, डॉ. प्रभा लामा, सुखविंदर सिंह, डॉ. निवेदिता, डॉ. हिना, उज्जवल कुमार के साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।