ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह बृहस्पतिवार को आयोजित होगा। समारोह में मेडिकल, पैरामेडिकल और नर्सिंग के 234 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी। समारोह में राज्यपाल एवं विवि के कुलाधिपति डॉ. केके पाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह बृहस्पतिवार को देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान सभागार में होगा। विवि के कुलपति प्रो. एचएस धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी समारोह में शिरकत करेंगे। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में गठित समिति की सलाह का अनुपालन करते हुए छात्रों के लिए वेशभूषा तैयार की गई है। हालांकि अभी इसमें और सुधार होंगे। तय वेशभूषा के तहत समस्त उपाधि धारकों को उत्तराखंड की पारम्परिक वेशभूषा (छात्रों के लिए सफेद कुर्ता पायजामा तथा छात्राओं के लिए सफेद सलवार सूट या सफेद साड़ी) में आना होगा। विवि की ओर से उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को टोपी तथा स्टोल दिए जाएंगे। समारोह में 234 छात्र-छात्राओं को उपाधि दी जाएगी। कुल 34 छात्रों को स्वर्ण या रजत पदक दिया जाएगा।
किस कोर्स के कितने छात्रों को मिली उपाधि
सत्र 2016 : एमडी के एक, एमएससी नर्सिंग के 12 और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के 41 छात्र।
सत्र 2017 : एमडी एमएस के 33, एमएससी नर्सिंग के 15, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के 31, एमएससी मेडिकल कोर्सेज के 16, बीएससी ऑप्टोमेट्री के 17, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी के 34, एमपीटी के छह और बीएससी एमएलटी के 27 छात्र।