अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हेलीकॉप्टर से केदारनाथ की यात्रा कराने के नाम पर गुजरात के श्रद्धालुओं से एक ट्रेवल एजेंट ने दो लाख की रकम ले ली। इसके बाद न तो उन्हें टिकट उपलब्ध कराए और न ही उनके पैसे ही वापस किए। पीड़ित श्रद्धालुओं ने पूरे मामले की शिकायत की तो पुलिस ने भी कोई मदद नहीं की। अब वापस लौटने के बाद श्रद्घालुओं ने दोबारा पुलिस को प्रार्थनापत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
गुजरात के लूनावाडा जिला मणिसागर से श्रद्धालुओं का दल पिछले महीने चारधाम यात्रा के लिए आया था। भूपतवाला के रामकली सदन में ठहरे श्रद्धालुओं ने हरिद्वार के नितिन गुप्ता नामक एक एजेंट से केदारनाथ जाने के लिए हेलीकॉप्टर की बुकिंग कराने की बात कही। आरोप है कि 13 मई की रात करीब आठ बजे एजेंट ने उनसे हेलीकॉप्टर से यात्रा के नाम पर दो लाख, चार हजार, छह सौ रुपये की रकम ली थी ।
आरोप है कि उन्हें न तो हेलीकॉप्टर के टिकट ही दिए गए और न ही रकम वापस की। आरोप है कि उन्होंने खड़खड़ी पुलिस को इस बारे में शिकायत की। पुलिसकर्मियों ने आरोपी के फोन नंबर पर बात की तो उसने पैसे लौटाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन रकम लौटाने के बजाय एजेंट ने एक फर्जी स्लिप बनाकर उनके व्हाट्सएप पर डाल दी। जिसमें लिखा था उसने एकाउंट में खाते में पैसे जमा करवा दिए हैं। जबकि ऐसा हुआ नहीं। पीड़ित पटेल मूलजी भाई, पटेल जयंती भाई, पटेल अरविंद भाई कालीदास, पटेल कन्नू भाई मनीलाल, पटेल जयेंद्र भाई, पटेल सोमाभाई आदि ने दोबारा पूरे मामले की शिकायत हरिद्वार पुलिस को की है। मांग की है कि आरोपी एजेंट के खिलाफ धोखाधडी का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए तथा उनके पैसे वापस दिलाएं जाएं। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि यह मामला उनकी तैनाती से पहले का है। अब वे मामले की जांच कराएंगे और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।