अमर उजाला ब्यूरेा
हरिद्वार।
हरकी पैड़ी की प्रबंधक कारिणी संस्था गंगा सभा ने विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी को सतरंगी बनाने का काम शुरू कर दिया। हरकी पैड़ी के तख्तों पर लगी हुई तमाम पुरानी छतरियां एक-एक कर हटा दी जाएंगी और सभी जगह प्रकाश के सात रंगों की छतरियां लग जाएंगी। प्रसिद्ध मूर्तिकार और चित्रकार फकीर चंद परीड़ा दीवारों पर गंगा अवतरण की गाथा, मूर्तियों और चित्रों के माध्यम से उकेरेंगे।
हरकी पैड़ी के सुंदरीकरण का कार्य तख्तों पर नई छतरियां लगाने से शुरू हुआ है। करीब 12 हजार रुपये मूल्य वाली चार छतरियां लगाई जा चुकी हैं। हर की पैड़ी के साथ साथ मालवीय द्वीप और नाईसोता पर भी छतरियों को बदलने का काम शुरू होगा। गंगा सभा के महामंत्री राम कुमार मिश्रा ने बताया कि सभा के बैनर तले सुंदरीकरण के कई कार्य कराए जा रहे हैं। प्रकाश के सात रंगों की छतरियां जब तमाम तख्तों पर लग जाएंगी, तब हरकी पैड़ी सतरंगी नजर आएगी। विशेष रूप से ऊंची इमारतों से बहुत भव्य दृश्य बनेगा। हरकी पैड़ी की लंबी चौड़ी दीवारों पर गंगा अवतरण की गाथा मूर्तियों और चित्रों के माध्यम से उकेरी जाएगी। कपिल मुनि के आश्रम से लेकर गंगा के गंगा सागर तक जाने के तमाम दृश्य एक ही स्थल पर नजर आएंगे। फिलहाल गंगा सभा अपने तख्तों पर छतरियां लगा रही है। सभी तख्तपोशों पर यह छतरी लगाने का काम कुछ दिनों में शुरू हो जाएगा। इस संबंध में एक संस्था काम करने के लिए पहुंच गई है।
गौरतलब है कि हर की पैड़ी पर करीब पांच करोड़ की लागत से सोनी ग्रुप गंगा द्वार और सुंदरीकरण के अन्य कार्य करने जा रहा है। कुछ ही दिनों में बड़ी-बड़ी एलईडी भी सबसे पहले हरकी पैड़ी के पुलों पर लग जाएगी, ताकि आरती स्थल तक न पहुंचने वाले तीर्थयात्री बाजारों में खड़े होकर भी आरती का दर्शन कर सकें। राम कुमार मिश्रा ने बताया कि गंगा की विश्व प्रसिद्ध आरती को किसी चैनल पर प्रतिदिन लाइव दिखाने के लिए भी बातचीत जारी है। वह दिन दूर नहीं जब दुनिया में कहीं भी बैठे श्रद्धालु अपने घर के टेलीविजन पर ही प्रतिदिन गंगा आरती देख सकेंगे।