मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को पौंधा और बिधौली में करीब 130 बीघा जमीन से अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की। एमडीडीए की कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में खलबली मच गई।
पौंधा के पास नेमी नदी के पास बीटीएस डेवलपर्स की ओर से 60 से 70 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। शिकायत पर एमडीडीए ने बीती नौ जनवरी को बिल्डर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया। 19 जनवरी को बिल्डर ने प्लाटिंग नहीं करने की बात कही। इसके बाद बीते 13 मार्च को एमडीडीए के अवर अभियंता ने निरीक्षण किया तो वहां 1500 मीटर लंबा पुस्ता मिला।
इसके अलावा अवैध प्लाटिंग भी मिली, 15 मार्च तक एमडीडीए कार्यालय पहुंचकर जवाब नहीं देने पर टीम ने कार्रवाई करते की। वहीं, दूसरे मामले में बिधौली में गौरव एवं एमके गुप्ता की ओर से यूनिवर्सिटी रोड पर बगैर नक्शा के करीब 65 बीघा जमीन पर प्लाटिंग कर दी गई। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। टीम में एसएस रावत, अजय मलिक समेत पुलिस मौजूद रही। उधर, एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अवैध प्लाटिंग नहीं होने दी जाएगी। एमडीडीए का अभियान आगे भी जारी रहेगा।