ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
परेड ग्राउंड में पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से चल रहे द्वितीय उत्तराखंड पैरालंपिक गेम्स के पैरा बैडमिंटन व्हीलचेयर मुकाबले में रविवार को देहरादून की नीरजा गोयल ने बाजी मारी। सिटिंग वॉलीबाल स्पर्धा में ऊधमसिंह नगर ने हरिद्वार को हराकर खिताब अपने नाम किया।
परेड ग्राउंड में पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से चल रहे द्वितीय उत्तराखंड पैरालंपिक गेम्स का समापन रविवार को हुआ। समापन पर मुख्य अतिथि रहे आईआरएस के ज्वाइंट डायरेक्टर लियाकत अली ने सभी विजेता व उपविजेताओं को मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इसके पहले फाइनल मुकाबले में महिला वर्ग की पैराबैडमिंटन व्हीलचेयर में देहरादून की नीरजा गोयल प्रथम, ऊधमसिंह नगर की प्रेमा विश्वास द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग की पावर लिफ्टिंग की लोअर कैटेगरी में हरिद्वार के प्रवीन प्रथम, ऊधमसिंह नगर अजय बडोई दूसरे और पंकज गोस्वामी तीसरे स्थान पर रहे। अपर कैटेगरी में ऊधमसिंह नगर के पंकज वर्मा प्रथम, उत्तरकाशी के दिपेंद्र दूसरे और हरिद्वार के मनोज कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इस दौरान एसोसिएशन के महासचिव प्रेम कुमार, कोषाध्यक्ष संजय गुनियाल, दिया चौहान, संदीप चौधरी, आदेश डबराल, जितेंद्र सिंह, हिमांशु जोशी आदि मौजूद रहे।