ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सरकारी विभागों समेत निजी उपभोक्ता यूपीसीएल का 800 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया दबाए बैठे हैं। बकाएदारों में कई सरकारी विभाग भी शामिल हैं। इस बाबत प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने राजस्व वसूली के लिए नए सिरे से अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि बिजली बिल का कुल आठ सौ करोड़ का बकाया है। ऐसे सभी बकाएदारों को चिह्नित कर लिया गया है। बकाएदारों में कई सरकारी विभाग शामिल है जिन्हें नोटिस जारी की गई है। इसके बावजूद बकाया नहीं जमा कराने पर राजस्व विभाग के जरिए आरसी जारी की जाएगी। वहीं वसूली को लेकर अभियान चलाया जा रहा है और समीक्षा की जा रही है। जिस अधिशासी अभियंता व उपखंड अधिकारियों की राजस्व वसूली निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं पायी जाएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।