विचार ही लाते हैं परिवर्तन : रावत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। युवा आह्वान की ओर से आयोजित चार दिवसीय युवा विधानसभा का बुधवार को समापन हो गया। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि दुनिया में विचारों से ही परिवर्तन लाया जाता है।
रिंग रोड स्थित किसान भवन के सभागार में आयोजित युवा विधानसभा में युवा विधायकों को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि सदन में हल्ला मचाकर सुर्खियां बटोरने वाला नेता नहीं होता। गंभीरता से अध्ययन करके सदन में बोलना चाहिए। उन्होंने युवाओं के बढ़ते नशे के प्रति भी चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत को खत्म करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि भारत नौजवानों का देश है। युवाओं को देश के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने राज्य में गैरसैण राजधानी का मुद्दा बेहद अहम बताया। पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि अपने सिद्धांतों पर हमेशा डटे रहना चाहिए। मुख्य वक्ता रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि यह एक प्रतीकात्मक विधानसभा है, इससे हमें अपनी वास्तविक विधानसभा और लोकसभा को ऐसा संदेश देना चाहिए कि चर्चा इस प्रकार सार्थक ढंग से भी सदनों में होती है। शाम को कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने युवा विधायकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुकेश नेगी, मनोज तिवारी, प्रभुलाल बहुगुणा, भूपेंद्र नेगी, ओमप्रकाश सती, ललित जोशी, विजयलक्ष्मी गुसाईं, सोनू हसन, रोहित ध्यानी, प्रकाश गौड़, पंकज मैंदोली, अंकित बिष्ट, लक्ष्मण नेगी, प्रशांत बड़ोनी, शोभित चंदोला, ईश्वर बिष्ट, संकित राणा, मेधा डोभाल, चेतना भट्ट, महेश रावत, अर्चना चमोली, जुन्याली थपलियाल आदि मौजूद रहे।