उच्च शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी मुख्यालयों में अटैच
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े संस्थानों के कैंप कार्यालयों में काम करने वाले अधिकारियों को तत्काल मुख्यालय पहुंचाने के आदेश जारी हुए हैं। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह आदेश जारी किए थे। जिसके क्रम में शासन ने सभी संस्थानों को आदेश भेज दिया है। संबंधित अधिकारियों को 30 जून तक मुख्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
प्रदेश के तमाम विश्वविद्यालयों के कैंप कार्यालय दूसरे जिलों में हैं। कई अधिकारी इन कार्यालयों में तैनात किए गए हैं। इसमें मुक्त विवि, श्रीदेव सुमन विवि के अलावा उच्च शिक्षा विभाग का कैंप कार्यालय भी शामिल है। हालांकि कैंप कार्यालय को वापस हल्द्वानी शिफ्ट करने का आदेश हो चुका है लेकिन अभी भी कुछ अधिकारी दून में जमे हैं।
इस मामले में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निर्देश दिए थे कि तत्काल सभी संबंधित अधिकारियों को उनके मुख्यालय में भेजा जाए। इसके बाद मुक्त विवि ने दून से कई अधिकारियों को हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं। श्रीदेव सुमन विवि भी इस ओर कार्रवाई कर रहा है। शासन से जारी आदेश के मुताबिक 30 जून तक संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी है।