ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
36वीं ऑल इंडिया गोल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में शर्मनाक हार के साथ मेजबान क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की टीम का सफर समाप्त हो गया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सीएयू को ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) दिल्ली ने 269 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। वहीं, नॉर्दर्न रेलवे ने इंडियन नेवी को 21 रनों से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
शुक्रवार को रेंजर्स मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एआईआर की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में सभी विकेट खोकर 369 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। एकांश ने ताबड़तोड़ 72, राजेश ने 50, रोहन ने 45, दीपक ने 37 और रजत भाटिया ने 21 रन बनाए। सीएयू के सनी राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार और धनराज ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी सीएयू की टीम 21.2 ओवर में 100 रनों पर ढेर हो गई। भानु ने 25 और धनराज ने 20 रन बनाए। दिल्ली के रजत भाटिया ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए छह रन देकर चार और ध्रुव ने दो विकेट लिए।
अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में खेले गए एक अन्य मुकाबले में नॉर्दर्न रेलवे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 41.5 ओवर में 189 रन बनाए। रेलवे के आकाश ने 46, प्रथम व चंद्रपाल ने 39-39 रन बनाए। नेवी के अशोक ने तीन और सार्थक ने दो विकेट चटकाए। बारिश के चलते इंडियन नेवी को 42 ओवर में 191 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेवी की टीम 40.5 ओवर में 169 रनों पर ऑल आउट हो गई। सत्यम ने 43 और अदीब व मोहित ने 19-19 रन बनाए। रेलवे के चंद्रपाल व निजाम ने तीन-तीन और शिवम ने दो विकेट चटकाए।