ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नगर निगम सीमा विस्तार और वार्ड आरक्षण के विरोध में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सुभाष रोड पर आयकर भवन के पास प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के सामने धरना दिया।
मंगलवार को महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री के नेतृत्व में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कार्यालय से सचिवालय कूच किया। इस दौरान पुलिस के रोके जाने से वे भड़क गए। उन्होंने निगम के सीमा विस्तार और वार्डों में आरक्षण के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद तहसीलदार एसएस राणा के माध्यम से शहरी विकास सचिव, जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भेजा। उक्रांद के महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि विरोध के बावजूद सरकार ने जल्दबाजी में नगर निगम और नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया है। अब अपने चहेतों को निकाय चुनाव लड़ाने के लिए वार्ड में मनमाने ढंग से सीटें आरक्षित की जा रही हैं।
उन्होंने वार्ड नंबर-5 धोरण को तत्काल सामान्य करते हुए वार्ड का नाम कंडोली करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वार्ड-81, रेसकोर्स उत्तर पहले से महिला आरक्षित रही है, लेकिन वहां कोई विकास कार्य नहीं हुए हैं। इस वार्ड को भी सामान्य किया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर उक्रांद उग्र प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शन करने वालों में उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, डीके पाल, लताफत हुसैन, रमा चौहान, सुरेंद्र सिंह, विमल रौतेला, अनिता भारती, ललित कुमार, रेखा मियां शामिल रहे।
--
गांव बसाओ, प्रदेश बचाओ कार्यक्रम स्थगित
उक्रांद के महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने बताया कि आरक्षण को लेकर किए गए प्रदर्शन के चलते आज से शुरू होने वाला गांव बसाओ, प्रदेश बचाओ कार्यक्रम आठ मई तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम की अगली तिथि जल्द घोषित की जाएगी।