ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
यूपीसीएल ने कंबाइंड सर्विसेज की टीम को छह विकेट से शिकस्त देकर सुमेरू वरदान कप-2018 का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 31 हजार और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
रेंजर्स मैदान में रविवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कंबाइंड सर्विसेज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 128 रन बनाए। टीम के लिए भूपेंद्र जोशी ने 30, विपिन कश्यप ने 28, और शुभम ने 14 रन बनाए। यूपीसीएल के अक्षय ने तीन और अक्षय, सनी, कासिम व मुकेश ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी यूपीसीएल ने 16.2 ओवरों में चार विकेट खोकर खिताब जीत लिया। वैभव ने 53 और किरन सिंह ने कप्तानी पारी खेलते हुए 35 रन बनाए। कंबाइंड सर्विसेज के शुभम, टीएच खान और संजय रावत ने एक-एक विकेट लिया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. नवीन बलूनी, विशिष्ट अतिथि सोशल एंड पॉलीगन ग्रुप के एमडी देवेंद्र्र सिंह पंवार, सुमेरू इंफ्रास्ट्रक्चर के एमडी पारस जैन, आयोजन समिति अध्यक्ष विपिन बलूनी, सीएयू सचिव पीसी वर्मा, दिनेश रावत ने विजेता और उपविजेता टीम व खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर नरेंद्र कौशिक, विनोद श्रीवास्तव, विजय प्रताप मल्ला, धीरज खरे, सुरेंद्र शर्मा, गिरधर शर्मा, आशुतोष ममगाई, किशन मेहता, राज मलिक, जावेद बट, त्रिभुवन बिष्ट समेत अन्य मौजूद रहे।
किरन मैन ऑफ द सीरीज
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए यूपीसीएल के कप्तान किरन सिंह को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। किरन ने पांच मैचों में 158 रन बनाने के साथ ही नौ विकेट भी चटकाए। वहीं, फाइनल में 53 रन की पारी खेलने वाले यूपीसीएल के वैभव मैन ऑफ द मैच रहे। प्रतियोगिता के पांच मुकाबलों में 192 रन बनाने के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज भी चुना गया। कंबाइंड सर्विसेज के संजय सिंह 10 विकेट लेकर प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने।