ब्यूरो/अमर उजाला देहरादून
नगर निगम वार्डों के नए सिरे से परिसीमन के बाद अब अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की आबादी का रैपिड सर्वे किया जाएगा। इस संबंध में डीएम ने सोमवार को नगर आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने दो दिन के भीतर विभिन्न विभागों के करीब एक हजार कर्मचारियों को बतौर गणना कर्मी (प्रगणक) नियुक्त कर 22 से रैपिड सर्वे शुरू कराने को कहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने अधिकारियों से कहा कि वार्डों के परिसीमन का कार्य पूरा हो चुका है। अब ओबीसी का रैपिड सर्वे का कार्य पूरा किया जाए, ताकि सीटों का आरक्षण तय हो सके। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सोमवार से ही यह कार्य शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन लापरवाही के चलते ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने अधिकारियों को दो दिन में एक हजार प्रगणक नियुक्त कर उन्हें प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही 22 से 31 जनवरी तक सर्वे का कार्य पूरा कर रिपोर्ट देने को कहा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरविंद पांडेय, नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
--
20-21 को दी जाएगी प्रगणकों को ट्रेनिंग
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के रैपिड सर्वे के लिए करीब एक हजार प्रगणकों को आगामी 20-21 जनवरी को ट्रेनिंग दी जाएगी। नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि निगम की ओर से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
--
17 तक निगम डीएम को सौंपेगा सुझाव
नगर निगम के नायब तहसीलदार नरेश चंद्र नौटियाल ने बताया कि सीमा विस्तार की आपत्तियों पर निगम के सुझाव 17 जनवरी तक जिलाधिकारी को सौंप दिए जाएंगे। इसके बाद जातिगत सर्वेक्षण होगा। फिर परिसीमन की अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।