ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
सिखों के 10वें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह के 351वें प्रकाशपर्व के अवसर पर यूनाइटेड सिख फेडरेशन और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सोमवार सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक आप भी रक्तदान कर पुण्य कमा सकते हैं।
फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा मैदान में आज रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। गुरु महाराज के प्रकाश पर्व पर आयोजित होने वाले शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रक्तदान करेंगे। गुरु गोबिंद सिंह ने हमेशा समाज और मानव मात्र के कल्याण का कार्य किया। उनके संदेश को आत्मसात करते हुए सिख समुदाय हमेशा समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सेदारी करता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक मात्रा में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के ब्लड बैंक के विशेषज्ञ रक्त एकत्र करने के साथ लोगों को सुरक्षित रक्तदान की जानकारी भी देंगे।
--
मधुमेह जागरुकता शिविर भी होगा
प्रकाश पर्व के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान के साथ ही मधुमेह जागरुकता शिविर भी आयोजित किया जाएगा। लायंस क्लब देहरादून शिवालिक हिल्स के अध्यक्ष सोहन लाल बिजल्वाण ने बताया कि सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें लोगों को मधुमेह की जांच करने के साथ ही उन्हें जागरूक भी किया जाएगा। साथ ही मधुमेह के कारण, बचाव, लक्षण और उपचार को लेकर भी जानकारी दी जाएगी।