कर्णप्रयाग/देवाल। कर्णप्रयाग ब्लाक के एंड गांव में तीन दिन से बिजली नहीं है। बिजली न होने से गांव के 45 से अधिक परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बिजली लाइनें आठ साल से वैकल्पिक व्यवस्था से चल रही हैं। ऐसे में हल्के आंधी तूफान में भी गांव की बिजली गुल हो रही है। शिकायत के बावजूद ऊर्जा निगम कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
एंड की प्रधान हेमंती देवी ने बताया कि वर्ष 2009 में आंधी तूफान के कारण बिजली के कई पोल और तारें टूट गई थीं। तब से ऊर्जा निगम गांव के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति कर रहा है। गांव के लिए खिलगांव, सिरण गांव होते हुए बिजली की आपूर्ति होती है। घना जंगल होने के चलते हल्की हवा में भी जर्जर तार और पोल जवाब दे रहे हैं। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बाद भी न तो पोल बदले गए और न ही लाइनों की मरम्मत हो रही है। दूसरी ओर देवाल के नंदकेशरी विद्युत सबस्टेशन में तकनीकी खराबी होने के चलते पूरे देवाल ब्लाक की बिजली बुधवार रात एक बजे से गुल है। ऊर्जा निगम के एसडीओ गुलशन बुलानी ने बताया कि एंड गांव की बिजली बारिश से गुल हो गई थी, जिसे ठीक करने के लिए कर्मियों को भेजा गया है। वहीं जर्जर लाइनों को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। दूसरी ओर देवाल में मुख्य ट्रांसफार्मर फुंक गया है। ऐसे में थराली से बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।