रुद्रप्रयाग। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ केदारनाथ में छह कमरों का गेस्ट हाउस बनाएंगे। बीकेटीसी की भूमि पर बनने वाले इस भवन के निर्माण के लिए प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। शासन-प्रशासन से निर्माण की अनुमति मिलने पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
भगवान आशुतोष के 12 ज्योर्तिलिगों में एक केदारनाथ धाम में बाबा केदार की गद्दी, रावल, मुख्य पुजारी का निवास और बीकेटीसी के पदाधिकारियों के साथ ही विशेष अतिथियों के रात्रि विश्राम के लिए छह कमरों का गेस्ट हाउस बनाया जाएगा। भवन में एक पूजा कक्ष का भी निर्माण किया जाएगा। निर्माण पर खर्च होने वाली पूरी राशि पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ दे रहे हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुताबिक इस भवन के निर्माण के करीब 60 लाख रुपये खर्च होंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष बाबा केदार के दर्शनों को केदारनाथ धाम पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने वहां गेस्ट हाउस निर्माण की इच्छा जताई थी। उन्होंने समिति से भूमि मुहैया कराने की बात कहते हुए समस्त खर्च स्वयं वहन करने को कहा था। उन्हें पिछले हफ्ते भी बाबा केदार के दर्शनों को केदारनाथ पहुंचना था, लेकिन निजी कारणों के चलते वह नहीं आ पाए थे।
कोट
पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ जी ने केदारनाथ धाम में मंदिर समिति की भूमि पर गेस्ट हाउस बनाकर देंगे। कार्यस्थल पर समतलीकरण कर दिया गया है। अनुमति मिलते ही भवन की बुनियाद का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - बीडी सिंह, मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी।