थराली (ब्यूरो)। थराली तहसील के सीएचसी में देवाल के हरनी से एक युवक भास्कर को यहां स्वास्थ्य परीक्षण के लिए लाया गया। डाक्टर ने भास्कर का परीक्षण कर भर्ती करने को कहा, लेकिन अस्पताल प्रबंधन और तैनात अन्य कर्मियों की लापरवाही के चलते बीमार युवक के परिजन दो घंटे तक बिस्तर ढूंढते रहे। इस अव्यवस्था पर ब्लाक प्रमुख ने नाराजगी जताई। कहा कि इस संबंध में जल्द विभाग के आला अधिकारियों को लिखा जाएगा।
ब्लाक प्रमुख राकेश जोशी ने सोमवार को तहसील मुख्यालय के एक मात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर ब्लाक प्रमुख ने नाराजगी जताई। उनके साथ अस्पताल पहुंचे पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने एक मात्र पुरुष वार्ड में ताला लगा रखा है, जिसे लगातार मांग के बावजूद नहीं खोला गया। बाद में बीमार भास्कर को जनरल वार्ड में किसी तरह एडजेस्ट किया गया। प्रमुख राकेश जोशी ने बताया कि अस्पताल में कई अन्य अव्यवस्थाएं भी मिली हैं, जिसके लिए शीघ्र स्वास्थ्य मंत्री और विभाग के आला अधिकारियों को लिखा जाएगा।