थाना कैंट में जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को किसी दूसरे की जमीन दिखाकर उससे 10 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता नीरज पुत्र स्व. गोपाल सिंह निवासी गांधी ग्राम डाकरा बाजार ने बताया कि उज्जवल एसोसिएट सुपर मार्केट कौलागढ़ राजेंद्र नगर वाले विनय राणा पुत्र बहादुर राणा, राम सिंह राणा आदि उनके परिचित हैं। उन्होंने बताया कि डाकरा में उनकी जमीन है, जिसे वह बेचना चाहते हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक वह उनके झांसे में आ गया और जमीन देख ली। बताया कि आरोपियों ने उन्हें एक महिला का अनुबंध पत्र बताते हुए कहा कि महिला ने जमीन को बेचने का अधिकार उन्हें दे रखा है। जिसके बाद 80 लाख में जमीन का सौदा तय हुआ।
पीड़ित ने बयाने के तौर पर उन्हें 10 लाख रुपये दे दिए और बाकी की रकम रजिस्ट्री होने के बाद देने की बात हुई। काफी दिनों बाद भी वह रजिस्ट्री के लिए आनाकानी करने लगे तो पीड़ित जमीन के मूल स्वामी से मिला। जहां से पीड़ित को पता चला कि मूल स्वामी का इस प्रकार का कोई अनुबंध आरोपियों से नहीं हुआ है।
पीड़ित के मुताबिक जब उन्होंने आरोपियों से पैसों की मांग की तो उन्होंने अपने किसी एक परिचित से उन्हें 10 लाख का चेक दिलाया, लेकिन वह चेक बैंक में बाउंस हो गया। यह बात आरोपियों को बताई तो वह अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।