तहसील मुख्यालय विकासनगर में लोगों की फरियाद सुनती एसडीएम बनी छात्रा।
- फोटो : VIKAS NAGAR
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर तहसील मुख्यालय हो या फिर सीओ और बीडीओ कार्यालय सभी जगहों की रंगत बदली-बदली नजर आई। यहां बेटियों ने एक दिन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों का पदभार ग्रहण कर लोगों की फरियाद सुनी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बाल विकास परियोजना ने एक अभिनव प्रयोग किया। इसके तहत बेटियों को शासकीय कार्यालयों की कार्य प्रणाली को समझाने और उनकी निर्णय लेने की प्रक्रिया को विकसित करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों का कार्य भार बेटियों को सौंपा गया। एक दिन के लिए कुर्सी पर बैठी इन बेटियों की आंखों में एक अलग सी चमक नजर आई। वह एक दिन के लिए अधिकारी बन खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही थीं। महज कुछ घंटे के लिए एसडीएम, सीओ, बीडीओ बनीं इन बेटियों ने ठान लिया है कि अब उस रोल को रीयल लाइफ में उतारकर ही दम लेंगी।
----
वैष्णवी एसडीएम, कामाक्षी तहसीलदार बनीं
विकासनगर तहसील में डीआईएमएस शंकरपुर से बीएएमएस कर रही वैष्णवी डोगरा को एसडीएम का कार्यभार सौंपा गया। वैष्णवी ने कहा कि उन्हें बेटी होने पर गर्व है। एक दिन के लिए एसडीएम का कार्यभार ग्रहण कर वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। उनकी पूरी कोशिश होगी कि वह भी एक दिन अधिकारी बनें। वहीं, एसजीआरआर से बीए की पढ़ाई कर रहीं कामाक्षी राठौर को तहसीलदार, डिग्री कॉलेज डाकपत्थर की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा मनीषा यादव को नायत तहसीलदार, डिग्री कॉलेज से पीजी कर रही गुंजन चौहान को खंड शिक्षाधिकारी, बीए फाइनल की सोनिया चौहान को उपखंड शिक्षाधिकारी, बीकॉम प्रथम वर्ष की राधिका चौरसिया को बाल विकास परियोजना अधिकारी, बीबीए की सरीन को खंड विकास अधिकारी, सैंग्विन इंटर कॉलेज की कविता चौहान को पोस्ट ऑफिस विकासनगर और बीए प्रथम वर्ष की डिंपल को सीओ कार्यालय का कार्यभार सौंपा गया। कालसी तहसील में अमरीन ने सीडीपीओ का पदभार ग्रहण किया। सभी बेटियों ने कार्यभार ग्रहण करने के दौरान लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। साथ ही उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।
सीडीपीओ का पदभार संभालतीं अमरीन।- फोटो : VIKAS NAGAR
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर तहसीलदार आकांक्षा वर्मा के साथ एक दिन के लिए उनका का?- फोटो : VIKAS NAGAR