मार्च्युरी में मौजूद मृतक के गमगीन परिज
- फोटो : amarujala
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक दफ्तर के सामने गुरुवार को एक युवक ने जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक काफी समय से मानसिक रूप से बीमार था। पुलिस ने तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के वर्मा चौराहा सुंदर नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी सराफ की दुकान में नौकरी करते हैं। दो साल पहले पत्नी की मौत हो गई थी। पिता ने बताया कि अविवाहित इकलौते बेटे प्रकीर्ण त्रिपाठी उर्फ रिंकू(28) और बेटी प्रीती (30) की मानसिक हालत काफी दिनों से ठीक नहीं है। चाचा हंस प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मानसिक हालत बिगड़ी होने से प्रकीर्ण अक्सर घर में गंदगी करता था। इलाकाई लोगों से किसी न किसी बात पर मारपीट करता था। लोगों से पिटने पर वह थाने में उनके खिलाफ फर्जी शिकायतें लेकर पहुंच जाता था। परिजनों के मुताबिक प्रकीर्ण सुबह घर से निकल गया था। चाचा के मुताबिक गुरुवार को भी वह किसी के खिलाफ शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंचा होगा। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक एसपी से मिलने की जिद कर रहा था। कुछ देर बाद कार्यालय के बाहर जहर खा लिया। लोगों ने परिजनों को सूचित कर युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान युवक की जेब से कागज के पैकेट में पाउडर नुमा पदार्थ बरामद हुआ है। डाक्टर व परिजनों ने जहर की आशंका जताई है। यहां करीब एक घंटे इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से पिता बदहवास हो गया। पिता का कहना है कि पखवारे भर पहले मुराइनटोला चौकी पुलिस से भी बेटे की शिकायतों को गंभीरता से न लेने की बात लिखकर दी थी। कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने युवक की मानसिक हालत ठीक न होने के कारण जहर खाने की तहरीर दी है। घटना की जांच की जा रही है। बरामद पाउडर को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न।