गोविंदपुरी थाना इलाके में एक महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया है। महिला मुंबई की रहने वाली बताई जा रही है। महिला के पति के तौर पर दो लोगों के नाम सामने आए हैं।
गोविंदपुरी थाना पुलिस महिला के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव की पहचान गोविंदपुरी में रहने वाली नाजिया(30) के रूप में हुई है। वह प्राइवेट कंपनी में काम करती थी और यहां पांच सालों से किराए पर रह रही थी।
बुधवार सुबह 11 बजकर चार मिनट पर पुलिस को सूचना दी गई कि नाजिया के कमरे से बदबू आ रही है। कमरे की कुंडी अंदर से लगी हुई थी। पुलिस ने मकान मालिक की मौजूदगी में ताला तोड़ा तो नाजिया पलंग पर मृत पड़ी हुई थी।
शव काफी सड़-गल चुका था। सूत्रों के मुताबिक नाजिया के पास पवन नाम का एक व्यक्ति आता था, जो कि पिछले एक वर्ष से नहीं आया था। मकान मालिक ने नाजिया के पति का नाम पवन बताया है, जबकि पुलिस को मौके से जो कागजात मिले हैं उनमें नाजिया के पति का नाम राशिद लिखा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद ही पता लगेगा कि नाजिया की मौत कैसे हुई है