-कबूतरा डेरा पर जमीन में दबे ड्रम निकलवाती पुलिस।
- फोटो : amarujala
कदौरा। होली का त्योहार व लोकसभा चुनाव के चलते कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बवीना स्थित कबूतरा डेरा में एसडीएम, आबकारी अधिकारी व थाना पुलिस ने छापा मारकर पांच सौ लीटर अवैध शराब व 1500 लीटर लहन,भट्टी व शराब बनाने के उपकरण बरामद कर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं छापे की भनक पाकर कबूतरा डेरा पर मौजूद लोग भाग गए। पुलिस की इस कार्रवाई क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना में शनिवार को एसडीएम सुनील कुमार, कालपी तहसीलदार सालिगराम, आबकारी अधिकारी राजीव कुमार, आबकारी निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद ने छापा मारा जहां टीम को अवैध शराब की भट्टी, शराब बनाने के उपकरण व जमीन के नीचे दबे ड्रमों में रखी 500 लीटर अवैध शराब बरामद की अधिकारियों ने अपने सामने ही भट्टी और लहन को नष्ट कराया। व उपकरणों और दो महिलाओं को थाने लाए । एसडीएम ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं को जेल भेज दिया है। इसके बाद थानाध्यक्ष ने शराब की आधा दर्जन दुकानों पर चेकिंग की और सख्त हिदायत दी कि दुकानों पर अवैध शराब न बेची जाए। वहीं आबकारी टीम ने चतेला में अवैध शराब की सूचना पर छापा मारा तो वहां ब्रह्म प्रकाश पुत्र रामशंकर के पास 23 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुई। उसे गिरफ्तार कर लिया।