गौरीबाजार। सड़क हादसे में किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई। सोमवार रात गौरीबाजार से घर लौट रहा किशोर टेंपो से नीचे गिर गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि दिल्ली-गुड़गांव रेललाइन पर ट्रेन से गिरकर इलाके के एक युवक की मौत हो गई। शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
गौरीखुर्द गांव निवासी सुनील विश्वकर्मा उर्फ गोली पुत्र उत्तम विश्वकर्मा सोमवार की रात गौरीबाजार किसी काम से आया था। रात को वह टेंपो से घर लौट रहा था। गांव के समीप वह गाड़ी से नीचे गिर गया। सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने किशोर को रेफर कर दिया गया। चर्चा है कि रुपये नहीं होने के कारण घरवाले सुनील का बेहतर इलाज नहीं कर पाए और देर रात मौत हो गई।
चार बहनों में सुनील छोटा भाई था। उधर, गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी राधेश्याम राय पुत्र राधेश्याम गुड़गांव में एक कंपनी में काम करते थे। दस साल से वह परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। शनिवार को ट्रेन पकड़कर दिल्ली से गुड़गांव जा रहे थे।
रास्ते में ट्रेन से गिर गए। जानकारी होने के बाद रिश्तेदारों ने घर पर घटना की जानकारी दी। सोमवार सुबह जब राधेश्याम का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। पत्नी ललिता के अलावा दो बेटी खुशबु और खुशी हैं।