इटावा। फ्रेंडस कॉलोनी के ओवरब्रिज के पास जाम खुलवाते वक्त ट्रैफिक सिपाही और भाजपा नेता के बीच मारपीट हो गई। सिपाही की तहरीर पर भाजपा नेता गगन चतुर्वेदी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इससे नाराज भाजपाइयों ने बुधवार को एसएसपी से मुलाकात कर ट्रैफिक सिपाही के खिलाफ कार्रवाई और झूठे मामले को समाप्त करने की मांग की।
मंगलवार रात को ट्रैफिक सिपाही राकेश कुमार बाजपेई को फर्रुखाबाद ओवरब्रिज के पास लकड़ी से भरे ट्रैक्टर के खराब होने से जाम की सूचना मिली। इस पर राकेश बाजपेई जाम हटवाने लगा। तभी अपनी स्कूटी से अंशु दीक्षित अपने पुत्र के साथ पहुंचा और स्कूटी को बीच में खड़ा कर दिया। इस पर एचसीपी ने स्कूटी हटाने के लिए कहा तो इसी बात को लेकर उनका अंशु से विवाद हो गया। तभी भाजपा नेता गगन चतुर्वेदी पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। राकेश की तहरीर पर फ्रेंडस कॉलोनी में भाजपा नेता समेत चार लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा और जान माल का खतरा का मामला दर्ज किया गया। भाजपाइयों ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई न करने की मांग की। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया है। इस लोगों में डा. रमा कांत शर्मा के अलावा गजेंद्र मिश्रा, विवेक भदौरिया, जितेंद्र भदौरिया, मधू सूदन दुबे, देवेंद्र सिंह भदौरिया पुत्तन, प्रभात दीक्षित, मयंक विधौलिया शामिल रहे।