पुलिस को वारदात की जानकारी देता युवक
- फोटो : Bureau
बरगढ़ (चित्रकूट)। दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने शनिवार दिनदहाड़े बरगढ़ मोड़ से एक व्यापारी को अगवा कर लिया। व्यापारी के साथ बाइक पर उसका साथी और एक युवती भी थी। युवती, बदमाशों के साथ उनकी बाइक पर निकल गई। पुलिस ने साथी को हिरासत में ले लिया है। उसने पुलिस को बताया कि युवती को वह नहीं जानता। वह व्यापारी की परिचित थी। घटना बरगढ़ थाना क्षेत्र की है। मुरका निवासी किराना व्यापारी रोशन उर्फ लाला केसरवानी (27) पुत्र श्यामसुंदर केसरवानी शनिवार रसोई गैस का सिलेंडर लेने के लिए दोपहर साढ़े 12 बजे घर से खाली सिलेंडर लेकर निकला। उसने बाइक पर अपने साथी ज्ञानेंद्र विश्वकर्मा पुत्र चिरौजीलाल को भी बैठा लिया। दोनों बरगढ़ मोड़ पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यहां एजेंसी से सिलेंडर लेने के दौरान एक युवती आई। उसने रोशन से बातचीत की।
इस बीच ज्ञानेंद्र दुकान से गुटखा खाकर लौटा तो दोनों ने सिलेंडर एक गुमटी में रखा और युवती को बाइक में बैठाकर परानू बाबा मार्ग की ओर चले गए। बाइक चला रहे ज्ञानेंद्र ने बताया कि परानू बाबा मोड़ पर एक टवेरा खड़ी खड़ी थी। गाड़ी में बदमाश होने का शक हुआ तो उसने बाइक मोड़ ली। इसी दौरान परानू बाबा मार्ग की ओर से तेज गति से दो बाइक आईं और उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। दो बाइक में सवार तीन युवकों ने रोशन को जबरन अपने साथ बैठा लिया। युवती भी दूसरी बाइक में बैठकर बदमाशों के साथ चली गई। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। घर लौटकर उसने रोशन के परिजनों को सूचना दी। परिजनों से जानकारी पाकर थानाध्यक्ष संतशरण, ज्ञानेंद्र को लेकर मौके पर पहुंचे, पर बदमाशों का सुराग नहीं मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि वह अपहृत की तलाश कर रहे थे, उसी दौरान ज्ञानेंद्र के मोबाइल पर दो बार रोशन फोन आया कि अरवारी मोड़ पर आकर मिलो, लेकिन वहां पहुंचने पर कोई नहीं मिला। अभी तक फिरौती की मांग नहीं की गई है। थानाध्यक्ष के मुताबिक अपहरण में युवती की भूमिका संदिग्ध है। हुलिए के आधार पर बदमाशों और युवती की तलाश की जा रही है। अपहृत रोशन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है। वह पिता के साथ किराने व सब्जी की दुकान पर बैठता है। उसके एक संतान है। पिता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ज्ञानेंद्र से पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ की जा रही है।