घर में लगाया गया नकब व बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। हथियापुर गांव में चोर एक दुकान और सात घरों से लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। एक ही रात में चोरी की आठ वारदातों से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना मऊदरवाजा के गांव हथियापुर निवासी गिरजाशंकर के मकान में ही परचून की दुकान है। बुधवार रात चोर दुकान के ताले तोड़ कर अंदर घुसे और दुकान में रखी नगदी व परचून का माल उठा ले गए।
गुरुवार की सुबह जब गिरजाशंकर सो कर उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोर उनके यहां से 8 हजार रुपये और करीब 40 हजार का सामान ले गए। इसी गांव के सुहेल खां के घर में चोर दीवार फांद कर घुसे। यहां चोरों ने मकान के कमरों की कुंडी खोल कर उसमें रखे बक्सों और अटैचियों से नगदी और जेवर ले गए। सुहेल खां ने बताया चोर उनके यहां से 19 हजार रुपये और 50 हजार के जेवर चोरी कर ले गए। कुछ दूरी पर रुकसार के घर से चोर पांच हजार रुपये और करीब 30 हजार के जेवर ले गए। इसके अलावा शमीमा बेगम परिवार के साथ जयपुर गईं हैं। मकान में ताला लगा हुआ था। यहां से चोरों ने ताला तोड़ कर नगदी और जेवर ले गए। शमीमा के यहां पर न होने के कारण उनका नुकसान नहीं पता चल सका।
गांव की बसंती देवी पत्नी किशनपाल के घर में चोर नकब लगा कर अंदर घुसे। बसंती ने बताया कि चोर उनके यहां से 20 हजार रुपये और 60 हजार रुपये के जेवर ले गए हैं। किशनपाल पापड़ी लगाता है। गांव के ही झब्बूलाल के घर से चोर 30 हजार रुपये और 30 हजार के जेवर चोरी कर ले गए। यहां से कुछ ही दूरी पर रहने वाले फारुक के घर से चोर आठ हजार रुपये और जेवर ले गए। एक ही रात ताबड़तोड़ आठ चोरी की घटनाएं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर सीओ सिटी शरद शर्मा, इंस्पेक्टर राजेश पाठक मौके पर पहुंचे और जांच की।
डॉग स्क्वायड ने की जांच
फर्रुखाबाद। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम ने मौके पर जांच की। खोजी कुत्ता इधर से उधर घूमता रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी राजेश पाठक ने बताया सभी चोरियों की जांच की जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
बच्चों की गोलक भी नहीं छोड़ी
फर्रुखाबाद। हथियापुर के रुकसार के घर में चोरों ने बच्चों की गोलक भी नहीं छोड़ी। चोरों ने गोलक को तोड़ कर उसमें जो भी पैसे थे वह भी निकाल ले गए।